विश्व पर्यावरण दिवस: संत निरंकारी मिशन ने चलया स्वच्छता अभियान

मसूरी। निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की प्रेरणा एवं दिव्य आशीर्वाद से संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा, संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, संयुक्त राष्ट्र संघ की इस वर्ष की थीम ‘बीट प्लास्टिक पोल्युशन’ के अनुरूप 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस पर संपूर्ण भारतवर्ष के 18 पर्वतीय एवं पर्यटन स्थलों सहित पर्यटन नगरी मसूरी में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया जिसमें साढे तीन सौ से अधिक स्वयं सेवकों ने प्रतिभाग किया।
यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रयास नहीं, बल्कि सेवा, सुमिरण और सद्भाव के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का एक आध्यात्मिक उपक्रम है। वर्तमान में जब संपूर्ण विश्व पर्यावरण संरक्षण हेतु सजग होकर सकारात्मक कदम बढ़ा रहा है, ऐसे समय में संत निरंकारी मिशन अपने सेवा मूल्यों द्वारा समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी में यह संदेश सशक्त कर रहा है कि स्वच्छता केवल बाहरी वातावरण की नहीं, बल्कि विचारों, संस्कारों और जीवनशैली की भी होनी चाहिए। इस महाअभियान में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के स्वयंसेवक, सेवादल सदस्य, श्रद्धालु एवं स्थानीय निवासी एकजुट होकर हर कण में प्रभु का दर्शन की भावना के साथ प्रकृति संरक्षण के इस पुनीत यज्ञ में सहभागी बने। इस मौके पर संत निरंकारी मिशन के स्वयं सेवकों ने मसूरी में बारिश के बीच सफाई अभियान चलाया, व शहीद स्थल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें पर्यावरण संरक्षण को लेकर नुक्कड नाटक भी किए।
इस मौके पर जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी को पौधा भेंट किया गया व उन्होंने कहा कि स्वच्छ मसूरी, ग्रीन मसूरी के लिए सभी को मिलकर संकल्प के साथ कार्य करना चाहिए, उन्होंने प्लास्टिक का प्रयोग न करने व कूड़ा इधर उधर न फेंकने का भी आहवान किया।
सफाई अभियान की जानकारी देते हुए मिशन के स्वयं सेवक हेमराज शर्मा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर हर वर्ष मिशन की ओर से सफाई अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि सदगुरू ने कहा है कि मन के अंदर जो प्रदूषण है जिसमें ईष्या, वैर द्वेष आदि को मिटाने के साथ ही समाज व प्रकृति में जो प्रदूषण है उसे मिटाने के लिए मिशन के स्वयं सेवक सफाई अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता जरूरी है, समाज का अंग होने के नाते सभी का फर्ज बनता है कि स्वच्छता के लिए कार्य करें।
राप्रा, विद्यालय छावनी में पर्यावरण दिवस की जानकारी दी व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की
विश्व पर्यावरण दिवस पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय मलिंगार छावनी परिषद में भाजपा महिला मोर्चा महानगर उपाध्यक्ष पुष्पा पडियार ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया वहीं पर्यावरण संे संबंधित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभाग करने वालों को पुरस्कार प्रदान किए।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय मलिंगार छावनी परिषद में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा महानगर उपाध्यक्ष पुष्पा पडियार ने बच्चों से पर्यावरण दिवस पर वार्ता की व बच्चों को विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर जानकारी दी। बच्चों ने भी वार्ता में प्रतिभाग किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदित शाह ने भी बच्चों के साथ पुष्पा पडियार के दिये गये सुझावों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उनका धन्यवाद् दिया। उन्होंने कहा कि पुष्पा पडियार हमेशा विद्यालय की सहायता करती है व बच्चों की मदद करती है।
इस अवसर पर स्कूल में हुई आर्ट प्रतियोगिता में बच्चों के प्रदर्शन को सरहाते हुए बच्चों को उपहार भी दिये। अन्त में सभी ने पयावरण दिवस पर इस धरा को सुन्दर बनाने की प्रतिज्ञा ली।
इस मौके पर सहायक अध्यापक परविंद रावत सहित बच्चें मौजूद रहे।
