मसूरी लाइब्रेरी चौक के व्यू प्वाइंट से गिरकर व्यक्ति की मौत, पुलिस जांच में जुटी

मसूरी। लाइब्रेरी चौक क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से नीचे गिरने के बाद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया। लेकिन उपचार के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजकर 55 मिनट पर स्थानीय गाइड अरशद ने लाइब्रेरी पुलिस चौकी को सूचना दी कि व्यू प्वाइंट के पास से एक व्यक्ति नीचे गिर गया है और गंभीर रूप से घायल है।
सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी और चीता पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना देने वाले स्थानीय गाइड अरशद के अनुसार, वह सुबह लाइब्रेरी चौक की ओर आया था। इस दौरान उसने एक व्यक्ति को व्यू प्वाइंट की रेलिंग के दूसरी ओर खड़ा देखा। अरशद अपनी स्कूटी खड़ी कर ही रहा था कि अचानक किसी व्यक्ति के नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी।
जब वह मौके पर पहुंचा तो वही व्यक्ति नीचे घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है और घटना के संबंध में अग्रिम जांच के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति किस कारण से व्यू प्वाइंट से नीचे गिरा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
