June 20, 2025

रिक्शा श्रमिकों के विरोध को देखते हुए मंत्री ने गोल्फ कार्ट संचालित नही करने का दिया आश्वासन

Screenshot_20241025_094401_Photo Collage

मसूरी। जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल द्वारा जैसे ही मसूरी के लिए चार गोल्फ कार्ट को खरीदने के आदेश जारी किए गए वैसे ही रिक्शा श्रमिकों में गोल्फ कार्ट के विरोध में आक्रोश फैल गया। जिसके बाद मजदूर संघ के प्रतिनिधि मंडल ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मिलकर रिक्शा श्रमिकों की परेशानियों से अवगत करवाया। मंत्री ने आश्वाशन दिया कि मसूरी में फिलहाल गोल्फ कार्ट संचालित नहीं किए जाएंगे।

दरअसल हाल ही में जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा मसूरी में यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया था। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया था। जिसने वहां उपस्थित विभिन्न संगठनों के जन प्रतिनिधियों द्वारा जिलाधिकारी को शहर की समस्याओं से अवगत कराया गया था। जनता दर्शन कार्यक्रम में मजदूर संघ द्वारा भी रिक्शा परिवर्तन की मांग की गई थी। उधर प्रशासन द्वारा मसूरी में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए किंग क्रेग पार्किंग से शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया। जिसके लिए गोल्फ कार्ट का संचालन किया जाना था। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी द्वारा चार गोल्फ कार्ट खरीदने के क्रय आदेश जारी किए गए। 

जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा गोल्फ कार्ट खरीदने के लिए जैसे ही क्रय आदेश जारी होने की भनक रिक्शा श्रमिकों को लगी उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। रिक्शा श्रमिकों का कहना था कि इससे 121 रिक्शा श्रमिकों की रोजी रोटी प्रभावित होगी। क्योंकि जब मॉल रोड या रिक्शाओं के रूट पर गोल्फ कार्ट चलेंगी तब पर्यटक गोल्फ कार्ट में ही बैठेंगे। ऐसे में रिक्शा श्रमिकों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। रिक्शा श्रमिक महिपाल पंवार, राकेश पंवार, महिपाल रावत आदि का कहना है कि मॉल रोड या रिक्शा संचालन वाले रूटों पर गोल्फ कार्ट कतई मंजूर नहीं है। यदि प्रशासन को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना है तो उसमें पूरा सहयोग किया जाएगा, किन्तु इसके लिए रिक्शा श्रमिकों की रोजी रोटी को ताक पर रखकर यदि कोई निर्णय लिया जाएगा तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिक्शा श्रमिको द्वारा प्रशासन व नगर पालिका से लंबे समय से ई रिक्शा की मांग की जा रही हैं। इससे जहां पर्यटकों को अच्छी सुविधा मिलेगी वहीं रिक्शा श्रमिकों की रोजी रोटी भी प्रभावित नहीं होगी। लेकिन रिक्शा श्रमिकों की इस मांग पर नगर पालिका और प्रशासन द्वारा विचार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को ई रिक्शा की दिशा में गंभीरता से विचार करना चाहिए। साथ ही कहा कि यदि जबरन गोल्फ कार्ट को रिक्शाओं के रूट पर संचालित किया जाता है तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा और सभी रिक्शा श्रमिक आंदोलन को बाध्य होंगे।

यह भी पढ़ें: मसूरी की मॉल रोड पर जल्द दिखेंगे गोल्फ कार्ट, क्रय आदेश जारी, डीएम ने निभाये अपने ये वादे

रिक्शा श्रमिकों के बीच गोल्फ कार्ट के विरोध में बढ़ती नाराजगी को देखते हुए मजदूर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मिला और उनको रिक्शा श्रमिकों की चिंताओ से अवगत कराया। साथ ही रिक्शा परिवर्तन कर रिक्शा श्रमिकों को ट्रॉट इलेक्ट्रिक टेम्पो उपलब्ध कराने की मांग की। जिस पर मंत्री द्वारा गोल्फ कार्ट संचालित नहीं करने का आश्वासन दिया गया। रिक्शा श्रमिक महिपाल पंवार ने बताया है कि मजदूर संघ के प्रतिनिधि मंडल द्वारा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात के बाद मंत्री द्वारा फिलहाल गोल्फ कार्ट के संचालन पर रोक लगा दी गई है। 

About Author

Please share us

Today’s Breaking

Translate »

You cannot copy content of this page