July 27, 2024

माकपा ने कार्यकर्ताओं का किया आह्वान, इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने के लिए करें काम

देहरादून। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(CPM) आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तराखण्ड की पांचों लोकसभा सीटों पर इण्डिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने के लिए कार्य करेगी। कामरेड गंगाधर नौटियाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई माकपा की राज्य कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

माकपा के राज्य कार्यालय में हुई इस बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि माकपा साम्प्रदायिक एवं भ्रष्ट भाजपा की हार सुनिश्चित करने के लिए सभी वामपंथी, धर्मनिरपेक्ष, जनतान्त्रिक ताकतों को एकजुट करेगी, ताकि भाजपा की इस चुनाव में फैसलाकुन शिकस्त हो सके।

बैठक में पार्टी के राज्य प्रवेक्षक एवं केन्द्रीय कमेटी सदस्य कामरेड बीजू कृष्णन ने माकपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे भाजपा की हार सुनिश्चित करने के लिए एकजुटता के साथ आगे आयें। उन्होंने कहा है‌ कि भाजपा की मोदी सरकार अब तक की सबसे भ्रष्टतम सरकारों में से एक है, जिन्होंने अपने साम्प्रदायिक एवं कारपोरेट परस्त ऐजेण्डे को लागू करने के लिए संवैधानिक एवं जनतान्त्रिक मान मर्यादाओं को ताक में रख दिया है। सरकार ने कारपोरेट एवं भ्रष्ट कम्पनियों के हितों की रक्षा कर अपने लिए गलत तरीके से चन्दा बसूली की है। हिन्दुस्तान का चुनावी बॉन्ड घोटाला इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। यही नहीं मोदी सरकार अपने राजनैतिक विरोधियों के खिलाफ ईडी, सीबीआई, इन्कम टैक्स, एनआईए विभागों का दुरूपयोग कर उन्हें जेल में डाल रही है। दूसरी तरफ मोदी सरकार की इन करतूतों के खिलाफ सम्पूर्ण इण्डिया गठबंधन एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है। कल दिल्ली की रैली इसका अच्छा खासा उदाहरण है।

बैठक में चुनाव संचालन के लिए टिहरी संसदीय क्षेत्र के लिए कामरेड सुरेन्द्र सिंह सजवाण, गढवाल के लिए कामरेड गंगाधर नौटियाल, हरिद्वार के लिए कामरेड महेन्द्र जखमोला, नैनीताल, उधमसिंह नगर के लिए कामरेड राजेन्द्र नेगी, अल्मोड़ा के लिए कामरेड आर पी जोशी को दायित्व दिया गया। इसके साथ ही बैठक में सभी जिला मन्त्रियों को संयोजन एवं अन्य पदाधिकारियों को विधान सभावार संयोजन का दायित्व दिया गया है। चुनाव सम्बन्धित सभी कार्यवाहियों का दायित्व कामरेड अनन्त आकाश देखेंगे।

बैठक में राज्य सचिव राजेन्द्र नेगी, शिवप्रसाद देवली, भूपाल सिंह रावत, भगवान सिंह राणा, राजेन्द्र पुरोहित, लेखराज, माला गुरूंग, उमा नौटियाल, सुरेन्द्र रावत, मदन मिश्रा, कमरूद्दीन, आर पी जखमोला, नितिन मलेठा, कमलेश गौड़, हिमान्शु चौहान, एन एस पंवार, विजय भट्ट, शम्भू ममगाईं आदि ने विचार व्यक्त किये। बैठक का संचालन राज्य सचिव राजेन्द्र सिंह नेगी ने किया।

About Author

Please share us

Today’s Breaking