July 27, 2024

वरिष्ठ पत्रकार, इप्टा के प्रदेश महासचिव व राज्य आंदोलनकारी सतीश कुमार के निधन से शोक की लहर

मसूरी। इप्टा के प्रदेश महासचिव, वरिष्ठ पत्रकार व राज्य आंदोलनकारी कामरेड सतीश कुमार का लंबी बीमारी के बाद असमय निधन हो गया है। वह अपने पीछे एक पुत्र व एक पुत्री व पत्नी का भरा पूरा परिवार छोड़ कर चले गये। उनके निधन से पत्रकारों सहित शहर के विभिन्न राजनैतिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है।

वरिष्ठ पत्रकार व ईप्टा के महासचिव कामरेड सतीश कुमार लंबे समय से बीमार चल रहे थे व उनकी तबियत अधिक खराब होने पर उन्हें लंढौर कम्युनिटी अस्पताल भर्ती कराया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया गया। उनके भाई दीपक कुमार भी राज्य आंदोलनकारी है। उनकी पत्नी ममता राव भी सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकत्री सेविका यूनियन मसूरी की महामंत्री व इप्टा की सक्रिय सदस्य है। उनके निधन का समाचार सुनकर शहर के विभिन्न राजनैतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व मजदूर संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सतीश कुमार शुरू से ही राज्य आंदोलन से जुड़े रहे। वहीं वह मसूरी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नगर सचिव भी रहे व उन्होंने अनेक जन आंदोलनों में भाग लिया। वहीं राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई व उनके जनगीत राज्य आंदोलन में गाये जाते रहे। वे खुद ढपली बजाकर जनगीत गाया करते थे तथा राज्य आंदोलन में जेल भी गये। उन्होंने मसूरी में साहित्य व संस्कृति को जगाने का कार्य भी किया व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनता को जगाने का कार्य किया। लेकिन लगभग एक साल से वह लगातार बीमार चल रहे थे। उनके निधन से पत्रकार जगत में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। वह वर्तमान में प्रेस क्लब ऑफ मसूरी के महासचिव भी थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को ही नहीं वामपंथी आंदोलन, इप्टा व राज्य आंदोलनकारियों को भी गहरा आघात लगा है। वे खुद जनगीत व नुक्कड नाटक लिखते थे व उनका प्रदर्शन कर जनता को जगाने का कार्य करते थे। उनके निधन से जो नुकसान हुआ उसकी भरपाई करना कठिन होगा। उनके निधन पर निवर्तमान पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल, सीपीआई के शहर सचिव देवी गोदियाल, सीटू के नगर अध्यक्ष भगवान सिंह चौहान, प्रेस क्लब ऑफ मसूरी के अध्यक्ष देवेंद्र उनियाल, मसूरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुनील सिलवाल, फिल्म निदेशक प्रदीप भंडारी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित पत्रकारों,  सामाजिक व राजनैतिक दलों के लोगो ने गहरा शोक व्यक्त किया है।  

About Author

Please share us

Today’s Breaking