March 17, 2025

भूस्खलन होने से 15 घंटे बाधित रहा राष्ट्रीय राजमार्ग

Screenshot_20240217_201101_Gmail

मसूरी। मसूरी से यमुना पुल जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 707ए कैंपटी से आगे व यमुना पुल से पहले भूस्खन से बंद हो गया जिस कारण रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गयी। पुलिस ने राजमार्ग खोलने के लिए जेसीबी लगाई, जिसके 15 घंटे बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।

मसूरी से सटे टिहरी जनपद के जौनपुर ब्लॉक के अंतर्गत त्यूनी मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग 707 ए गस्ती बैंड के पास रात्रि के समय पहाड़ी से भू धंसाव होने के कारण बंद हो गया। जहाँ रात से ही आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लगी रही, जिसे 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कैम्पटी पुलिस और डायल 112 प्रभारी रामवीर सिंह के नेतृत्व में जेसीबी के माध्यम से खोला गया, जिससे यातायात सुचारू हो पाया। भूस्खलन होने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बच्चों को हुई, क्योंकि रात के समय मार्ग बंद होने से कई वाहन फंस गए थे। कुछ वाहन तो यमुना पुल से विकास नगर के रास्ते अपने गंतव्य तक गये व कुछ वाहन जो मसूरी से उत्तरकाशी, नैनबाग आदि क्षेत्रों में जाने वाले थे वह भी वाया देहरादून विकासनगर से अपने गंतव्य तक गये। लेकिन अन्य वाहन वहीं रात भर खड़े रहे।

मालूम हो कि एनएच 707 ए मार्ग में किलोमीटर 139 में पिछले दो वर्षों से लगातार भू धसाव रहा है, जिस कारण कई बार वाहनों व यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। राष्ट्रीय राजमार्ग 707 ए के अधिकारियों को इस बारे में कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक इस स्थान का स्थाई ट्रीटमेंट नहीं हो पाया है जिससे इस मार्ग पर जान माल का खतरा हर समय बना रहता है। एनएच के अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंगता। यहां पर बार-बार भूस्खलन होता रहता है और बरसात के समय यह स्थान बहुत खतरनाक हो जाता है, ऐसे में विभाग को समय रहते इस स्थान का ट्रीटमेंट करना चाहिए नहीं तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

थाना अध्यक्ष कैंपटी अमित शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस बल यहां पर मौजूद हो गया था, लेकिन रात के समय जेसीबी मशीन नहीं चलाई जा सकी। सुबह होते ही जेसीबी मशीन चला कर मार्ग को यातायात के लिए खोला गया है। पुलिस यहां पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

About Author

Please share us