July 27, 2024

Mussoorie Update: शहर कांग्रेस ने समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ दिया धरना, मंत्री गणेश जोशी से फिर पूछे 12 सवाल।

मसूरी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया व मसूरी विधायक व प्रदेश के कबीना मंत्री गणेश जोशी से 12 सालों के 12 सवालों का जवाब मांगा। इसके बाद एसडीएम कार्यालय जाकर उपजिलाधिकारी नंदन कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद स्थल पर एकत्रित हुए और मालरोड सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान न होने पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कार्यालय गये,निशान उन्होंने एसडीएम नंदन कुमार के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी व कबीना मंत्री गणेश जोशी को ज्ञापन प्रेषित किया।

इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि पूर्व में भी शहर कांग्रेस ने विधायक व मंत्री गणेश जोशी ने 12 सालों के कार्यकाल के 12 सवाल पूछे, लेकिन उनके पास कोई जवाब नही है। उन्होंने अभी तक कांग्रेस के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और देंगे भी नहीं। उन्होंने कहा कि मालरोड के सौदर्यीकरण के कार्य में लगातार हो रही ढील के कारण व्यापारी व पर्यटक परेशान है। जनता के आक्रोश के बाद प्रदेश के मुख्य सचिव ने मालरोड का निरीक्षण किया व उसके बाद कार्य में तेजी आयी व और अब 15 दिनों में कार्य पूरा होने का भरोसा मिला है। उन्होंनेे कहा कि विभागों में तालमेल न होने के कारण यहां के नागरिकों व पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ रही है व इसका खामियाजा जनता व व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। इससे मसूरी की जो छवि धूमिल हुई है उसका जिम्मेदार विधायक व मंत्री गणेश जोशी की है, क्योंकि बिना ठोस प्लानिंग के उनके द्वारा मॉल रोड का कार्य शुरू करवाया गया, जिससे अव्यवस्थाओं ने जन्म लिया और जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने मंत्री जोशी से सवाल करते हुए पूछा है कि यमुना का पानी कहां गया, रोड अभी तक क्यों नहीं बनी, जो आर्थिक नुकसान हुआ उसका जिम्मेदार कौन है, गडीखाना सौदर्यीकरण का बजट कहां गया, वन टाइम सेटलमेंट कहां गया, इन सभी सवालों का जवाब मंत्री को जनता को देना ही होगा।

इस मौके पर पालिका सभासद प्रताप पंवार, दर्शन रावत, पूरे सभासद केदार सिंह चौहान, पूर्व कैंट उपाध्यक्ष महेशचंद, मेघ सिंह कंडारी, रफीक अहमद, महिमानंद, नागेद्र उनियाल, राम प्रसाद कवि, दानिश, प्रिंस, नफीस अहमद, माधुरी टम्टा, संध्या ऐनी, राजीव अग्रवाल, एजाज अहमद, तेजपाल रौथाण, सोनी खरोला, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About Author

Please share us

Today’s Breaking