July 27, 2024

एसडीएम शैलेंद्र नेगी का स्थानांतरण होने पर भाजपा मंडल व व्यापार संघ ने दी विदाई

मसूरी। उपजिलाधिकारी मसूरी शैलेंद्र नेगी का स्थानांतरण होने पर भाजपा मसूरी मंडल एवं व्यापार संघ की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर विदाई दी गई। उन्होंने उपजिलाधिकारी नेगी के कार्यकाल में मसूरी हित में किए गये कार्याें व विंटर लाइन कार्निवाल के सफल आयोजन को लेकर सराहना की।

एसडीएम कार्यालय में भाजपा मसूरी मंडल व व्यापार संघ की ओर से उपजिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी के स्थानांतरण पर उन्हें विदाई दी गई। इस मौके पर उन्हें बुके व शाल भेंट कर उनको शुभकामनाएं दी गई।

बता दें उप जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी का स्थानांतरण डोईवाला कर दिया गया है। मात्र 4 माह के कार्यकाल में उन्होंने अपने कुशल व्यवहार व कार्यप्रणाली से मसूरी के स्थानीय लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। उनके कुशल नेतृत्व में विंटर लाइन कार्निवाल एव पहली बार ईगास पर्व का सफल आयोजन किया गया।

उपजिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि कम समय में उनका मसूरी से गहरा लगाव हो गया था और यहां की भौगोलिक परिस्थिति से भलीभांति परिचित हो चुके थे। लेकिन शासन द्वारा उन्हें डोईवाला की जिम्मेदारी दी गई है जिसे वह ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मसूरी विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है और इसको बचाए रखना मसूरी के लोगों की जिम्मेदारी है। विटर लाइन कार्निवाल एक बड़ा उत्सव था जिसे सभी के सहयोग से सफलता के साथ किया गया। वहीं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को निष्पक्षता के साथ अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि मसूरी की सुंदरता को बचाये रखने के लिए मसूरी के लोगों को सोचना होगा। जिस तरह यहां पर निर्माण हो रहे हैं उसे सीमित करना होगा और एमडीडीए के संयुक्त सचिव रहते इसका उन्होंने प्रयास भी किया।

इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि उपजिलाधिकारी ने मसूरी में विभिन्न अभियान चलाए जिसमें अतिक्रमण भी शामिल था। उन्होंने कहा कि मसूरी के लोगों के साथ उनका बेहतर तालमेल रहा। उन्होंने बताया कि वह कुशल प्रशासक के साथ ही बेहतरीन इंसान भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डोईवाला में भी वह अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता से लोगों का दिल जीत लेंगे। उन्होंने इस मौके पर यह भी कहा कि मसूरी में एसडीएम हो या कोतवाल उन्हें कम से कम एक दो साल का समय दिया जाना चाहिए, ताकि वे शहर को समझे व उसी हिसाब से कार्य करें। अगर जल्दी जल्दी स्थानांतरण होंगे तो मसूरी का विकास प्रभावित होगा।

इस मौके पर भाजपा मसूरी मंडल उपाध्यक्ष व पालिका सभासद अरविंद सेमवाल, सतीश ढौडियाल, महामंत्री कुशाल राणा, ओपी थपलियाल, मुकेश धनाई, व्यापार संघ महामंत्री जगजीत कुकरेजा व कोषाध्यक्ष नागेद्र उनियाल मौजूद रहे।

About Author

Please share us

Today’s Breaking