March 24, 2025

शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदार अमित गुप्ता बोले- 25 साल से पार्टी की कर रहा हूँ सेवा, लेकिन पार्टी का निर्णय शिरोधार्य

IMG_20230212_213715

मसूरी। कांग्रेस भवन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में पर्यवेक्षक के नही पहुंच पाने के कारण नये अध्यक्ष का चयन नहीं हो पाया। हालांकि नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कांग्रेसियों में भारी उत्साह देखा गया। इसके लिए आये कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सभागार खचाखच भरा रहा।

कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव भले ही नही हो पाया हो, लेकिन इस मौके पर पार्टी नेताओं ने प्रदेश सरकार को घेरने में कोई कसर नही छोड़ी। इस दौरान कांग्रेसियों ने  बेरोजगार छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भाजपा सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की व आंदोलित बेरोजगारों को समर्थन दिया। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी की एकता बनाये रखने का संकल्प लिया व आगामी नगर पालिका चुनावों में कांग्रेस की जीत को लेकर हुंकार भरी। इस दौरान लंबे समय बाद कांग्रेसियों का भारी हुजूम इस बात को बताने को काफी था कि शहर कांग्रेस की दिशा दशा युवा ही तय करेगा। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समर्पण कांग्रेस के प्रति साफ दिखाई दे रहा था।

यह भी पढ़ें: एनएसयूआई व जेपी ग्रुप ने पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग की

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को आपस में बैठकर नये अध्यक्ष का चुनाव करना चाहिए ताकि कांग्रेस की एकता बनी रह सके व पर्यवेक्षक के आने की जरूरत ही न पड़े।

इस मौके पर देहरादून से आये कांग्रेस नेता राजकुमार जायसवाल ने कहा कि मसूरी कांग्रेस का गढ रहा है तथा हमेशा नगर पालिकाध्यक्ष व विधायक कांग्रेस का रहा है लेकिन आपसी मतभेद के कारण यहां पर भाजपा को लाभ हुआ जिसका नुकसान कांग्रेस को उठाना पड़ा। वक्ताओं ने कहा कि सभी एकजुट होकर आगामी नगर पालिका चुनावों की तैयारी करें व पालिकाध्यक्ष सहित सभासदों को जिताने के लिए तैयारी करें। उन्होंनेे कहा कि पर्यवेक्षक देहरादून में चल रहे बेरोजगार आंदोलन के कारण नहीं आ पाये तथा आने वाले समय में उनके आने पर ही आगे की रणनीति तय की जायेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की देश जोड़ो यात्रा में मिल रहे समर्थन से भाजपा विचलित है।

इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदार अमित गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद पर कोई विवाद नहीं था लेकिन शहर के कुछ बरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आपत्ति की वजह से चुनाव की नौबत आ रही है। उन्होंने कहा कि बनाये गए सदस्यों, डेलिगेट व बूथ अध्यक्षो द्वारा ही शहर कांग्रेस पद के लिए उनका नाम दिल्ली व प्रदेश हाई कमान के समक्ष प्रस्तावित किया था। उसके बाद दिल्ली से शहर अध्यक्ष पर मेरा नाम घोषित हो चुका था। लेकिन कुछ वरिष्ठ कांग्रेसजनों की आपत्ति के कारण चुनाव हेतु आज पर्यवेक्षक का आना तय था लेकिन वे बेरोजगारो के आंदोलन में सम्मिलित होने के चलते नहीं आ पाये। अब आगे जब भी बैठक होगी उसमें ही निर्णय होगा। उन्होंने कहा कि उन्होने कांग्रेस को 25 साल दिए है और हमेशा पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता रहे। उसके बाद भी पार्टी व कार्यकर्ताओं का जो निर्णय होगा उसे स्वीकार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि  प्रदेश नेतृत्व को भी भरोसा करना चाहिए ताकि शहर में कांग्रेस अपने पुराने स्वरूप में वापस आ सके।

इस मौके पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, पूर्व अध्यक्ष भगवान सिंह धनाई, राम प्रसाद कवि, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, पालिका सभासद दर्शन रावत, नंदलाल सोनकर, रमेश राव, मेघ सिंह कंडारी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस मौके पर गौरव गुप्ता, महेश चंद, वसीम खान, अक्षत वर्मा, राकेश रावत, संदीप साहनी, हेमंत ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About Author

Please share us
Translate »