मसूरी में महिला ने लगाई फांसी, मौत, जांच में जुटी पुलिस

मसूरी। शहर में एक 30 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चूंकि मृतका की शादी को सात वर्ष पूरे नहीं हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजकर 9 मिनट पर डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मसूरी क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक, वरिष्ठ उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मृतका रंकिता कृतानिया असवाल (30 वर्ष), पत्नी पवन असवाल, अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली। 108 एंबुलेंस के फार्मासिस्ट ने परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित किया और प्रारंभिक तौर पर करीब तीन घंटे पहले मृत्यु होने की आशंका जताई।
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया। पूछताछ में मृतका के पति ने बताया कि दोनों शाम को बाजार से सब्जी लेकर घर लौटे थे। इसके बाद फुटबॉल खेलने जाने की बात पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद महिला अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पति ने दरवाजे का शीशा हटाकर अंदर देखा तो महिला चुन्नी के सहारे पंखे से लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद दरवाजा खुलवाकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चूंकि मृतका की शादी को सात वर्ष पूरे नहीं हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट की निगरानी में पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच के दौरान यदि कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
