July 13, 2026

मसूरी होमस्टे मौत मामला: दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में आरोपी

1000664657

मसूरी। चर्चित कियाना होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत मामले में मसूरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में गैर-जमानती वारंट के तहत आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है।

थाना मसूरी में दर्ज मुकदमा संख्या 19/2026 की विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में पुलिस ने आरोपी सोमयाजुला चरण निवासी पूर्वी दिल्ली को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला, देहरादून भेजने के आदेश दिए।

गौरतलब है कि 15 जून 2026 को मसूरी-धनौल्टी रोड स्थित कियाना होमस्टे में ठहरी पारुपुडी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने संदेह व्यक्त किया था, जिसके आधार पर मसूरी पुलिस ने वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी मसूरी द्वारा की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई विवेचना के अनुसार जारी रहेगी।

About Author

Please share us

Today’s Breaking

Translate »

You cannot copy content of this page