उत्तराखंड एसटीएफ ने कट्टरपंथी सलाउद्दीन को किया गिरफ्तार, बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी तैयारी
देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ ने गदरपुर से सलाउद्दीन को गिरफ्तार किया है। सलाउद्दीन पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम, टेलीग्राम एवं सिग्नल) के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर कट्टरपंथी एवं जिहादी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।
एसटीएफ टीम द्वारा उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान सिग्नल एवं टेलीग्राम एप पर कई समूहों और चैट्स में कथित रूप से जिहाद, शहादत तथा राष्ट्रविरोधी विचारों से संबंधित सामग्री और संदेश पाए गए।
प्रारम्भिक जांच में आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय/ट्रांस-बॉर्डर कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत मिले हैं। इन कनेक्शनों की सत्यता एवं दायरे की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के दौरान चैट्स में हथियार, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं उनकी आवाजाही से संबंधित संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है, जिसकी तकनीकी एवं फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
आरोपी द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि कुछ चैट एवं संपर्कों को उसने डिलीट कर दिया था। साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है। पूछताछ में संवेदनशील जानकारी मिली है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि कुछ घटनाओं से प्रभावित होकर उसके भीतर कट्टरपंथी सोच विकसित हुई थी।
