July 26, 2024

कांग्रेस के टिहरी लोकसभा प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला का हुआ जोरदार स्वागत

मसूरी। टिहरी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला का कांग्रेस भवन में जोरदार स्वागत किया गया। इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्थल पर जाकर उत्तराखंड के शहीदों के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित की वहीं इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते टिहरी लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला।

कांग्रेस भवन पहुचने पर टिहरी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला का शाल व पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर गुनसोला ने कहा कि टिहरी देश की पहली लोक सभा सीट है और यहां से ही परिवर्तन की लहर चलेगी, जो पूरे देश में बदलाव लायेगी। उन्होंने कहा कि वे सादगी से चुनाव लड़ रहे हैं और उनको पूरे लोक सभा क्षेत्र में जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव प्रजा व राजा के बीच है। पूरे लोकसभा क्षेत्र में आम जनता के साथ ही कार्यकर्ताओं में बड़ा उत्साह है। उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व व प्रदेश कांग्रेस का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन पर विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने इंडिया गठबंधन के घटक दलों सीपीआई सीपीएम व आप पार्टी का भी समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुट गये हैं व कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कुछ लोग कांग्रेस को छोड कर जा रहे हैं तो उतने ही आ भी रहे हैं। उससे चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कौन कहां जा रहा है सवाल यह नही है, जनता के सवाल यह हैं कि मंहगाई, बेरोजगारी का क्या हुआ, नौजवान बेरोजगार है, उसकी उत्तरदायी डबल इंजन की सरकार है, मन की बात सुनाने से समस्याओं का समाधान नहीं होता। उन्होंने कहा कि पहाड़ की बेटी अंकिता भंडारी को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि इन सभी मुद्दों को देखते हुए पूरे देश में परिवर्तन की लहर चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि खुद भाजपा के कार्यकर्ता भी महारानी से खुश नहीं हैं तथा वह भी बदलाव चाहते हैं। वहीं उन्होंने मसूरी की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि यहां की जनता ने ही उनको नगर पालिकाध्यक्ष, विधायक बनाया व अब उन्ही के आशीर्वाद से लोकसभा का चुनाव लड़ रहा हूं।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने संबोधित करते हुए कहा कि पूरे टिहरी लोकसभा क्षेत्र मे जोत सिंह गुनसोला को सभी जानते हैं और जहां भी जा रहे हैं अपार समर्थन मिल रहा है व लोग अपने क्षेत्र में बुला रहे है। उन्होंने सभी कांग्रेस जनों व घटक दलों का आहवान किया कि यह चुनाव एकजुट होकर लोकतंत्र व संविधान को बचाने का चुनाव, जिसके लिए सभी को जुट जाना चाहिए।

कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली ने कहा कि इस बार जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मत देने का मन बना लिया है, जिसका पता जनता से मिल रहे अपार समर्थन से दिख रहा है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को भरोसा दिलाया कि वे पूरी ताकत के साथ कांग्रेस को जिताने के लिए कार्य करेंगे व हर संभव सहयोग किया जायेगा। सभा को सीपीआई के सचिव देवी गोदियाल, माकपा के सचिव भगवान सिंह चौहान, आम आदमी पार्टी के जिला प्रवक्ता प्रकाश राणा, मेघ सिंह कंडारी ने भी संबोधित किया व कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं व इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों का आहवान किया कि हम सभी को आगामी एक माह तक दिन रात कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए जुट जाना है। वहीं कहा कि 26 मार्च को देहरादून में नामांकन में बडी संख्या में पहुचकर अपनी ताकत दिखायें।

इस मौके पर संदीप साहनी, भगवान सिंह धनाई, वीरेंद्र कैंतुरा, सुशांत वोहरा, राम प्रसाद कवि, महिमानंद, प्रताप पंवार, भरोसी रावत, राजीव अग्रवाल, नफीस अहमद, प्रिंस, मनोज गर्ग, अरविंद सोनकर, सुनील पंवार, राम प्रसाद कवि, बीएस नेगी, नंद लाल सोनकर, रफीक अहमद, रमेश राव, बलबीर चौहान, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About Author

Please share us

Today’s Breaking