July 27, 2024

पालिकाध्यक्ष गुप्ता ने धोबीघाट वासियों को दी पार्किंग व सामुदायिक भवन की सौगात, लोकार्पण किया

मसूरी। नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने दो करोड़ की लागत से बनी धोबीघाट, मसूरी झील कार पार्किंग व सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।इस मौके पर उन्होंने कहा कि पांच साल पहले उन्होंने धोबीघाट के लोगों से वादा किया था उसे पूरा किया गया है। यही नहीं उन्होंने मसूरी वासियों से जितने वायदे किए इनमें से अधिकांश पूरे किए हैं। हालांकि कोरोना काल में दो साल का समय बेकार होने से कई कार्य रह गए हैं, जबकि कई कार्यों का जल्द ही शिलान्यास किया जाना है।

झील के समीप धोबीघाट में कार पार्किंग व सामुदायिक भवन का लोकार्पण करने के बाद पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में दृढ निश्चयता के साथ कार्य किया है। हालांकि दो साल कोरोना में बेकार हो गये तो कुछ कार्य उनके  राजनैतिक विरोधियों व छोटी मानसिकता के लोगों के कारण व्यवधान पैदा होने से अधर में लटके हुए हैं। इन विकास कार्यों के लिए उन्हें न्यायालय तक संघर्ष करना पड़ा है।उसके बावजूद भी उनके द्वारा अनेक विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि धोबीघाट में लंबे समय से पार्किंग की समस्या बनी थी। वहीं क्षेत्र के लोगों को शादी करने के लिए स्थान नहीं था। जिसे देखते हुए उन्होंने पार्किंग व शादी समारोह जैसे आयोजनों के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण करवाया। साथ ही यहां पर सफाई की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में शहर में विकास के अनेक कार्य किए गए। युवाओं को रोजगार देने का कार्य किया, वेंडर्स जोन बनाये गए, हालांकि जैसे ही विरोधियों को लगा कि यह कार्य वेंडर्स के हित में मील का पत्थर साबित होगा, तो उन्होंने इसमें भी अवरोध पैदा किया।

पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि मसूरी झील के पुनर्निर्माण का कार्य भी गतिमान है, जो शीघ्र पूरा हो जाएगा। इसमें भी युवाओ रोजगार दिया जाएगा।यहीं नहीं उनके द्वारा कीन व अन्य माध्यमों से स्थानीय  महिलाओं, विधवाओं को भी रोजगार उपलब्ध करवाया गया है। वहीं बारलोगंज में युवाओं के लिए जिम खोला गया है। लाइब्रेरी, सिविल अस्पताल रोड पर भी जल्द ही पार्किंग निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा, जिनके बनने के बाद मसूरीवासियों को काफी हद तक जाम से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो भी विकास कार्य किए वे धरातल पर दिख रहे हैं। विरोधी जब राजनैतिक सामना नहीं कर पाए, विकास कार्यों को रोकने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाए तो उन पर व्यक्तिगत मामलों में हस्तक्षेप किया गया, जिसका उन्होंने डटकर सामना किया। वे विरोधियों कुकृत्यों के आगे कभी नही झुके, और आगे भी नही झुकेंगे। उन्होंने कहा कि वे मसूरी के विकास को लेकर जिस रोडमैप के साथ आगे बढ़े थे, उसी राह पर आगे बढ़ेंगे और हर विकास कार्य को अमलीजामा।पहनाया जाएगा।

इस मौके पर धोबीघाट के प्रधान कमरूददीन ने कहा कि पहले क्षेत्र के निवासियों के लिए शादी समारोह के लिए जगह उपलब्ध नहीं थी, जिस कारण सभी को परेशानी होती थी। धोबीघाट क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार पूर्व के पालिकाध्यक्षों से कहा गया लेकिन किसी ने भी कोई कार्य नहीं किया। लेकिन वर्तमान पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने धोबीघाट के लोगो की समस्याओं को गंभीरता से लिया और क्षेत्र में कार पार्किंग और सामुदायिक भवन का निर्माण करने के साथ अनेक विकास कार्य किए। अब इसमें क्षेत्र के लोगों की शादियां हो रही हैं और इसका लोगों को लाभ मिल रहा है।

क्षेत्रीय सभासद सरिता कोहली ने कहा कि यहां पर पार्किग व शादियों के लिए स्थान नहीं था, जिसकी मांग पालिकाध्यक्ष से की गई व उन्होंने इस कार्य को पूरा किया। जिससे यहां की जनता को लाभ मिलेगा।

इस मौके पर पालिका सभासद जसबीर कौर, पूर्व प्रधान हाजी शादुल्ला, रफीक अहमद, मासूम अली, सलीम अहमद, सोनू, महिमा नंद, सुरेश गोयल, प्रिसं, सुनील पंवार, संदीप अग्रवाल, अरविंद सोनकर, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।   

About Author

Please share us

Today’s Breaking