July 27, 2024

शहीद ए आजम भगत सिंह को उनकी जयंती पर याद किया

मसूरी। शहीद ए आजम भगत सिंह की 116वीं जयंती पर विभिन्न राजनैतिक दलों, सामाजिक व मजदूर संगठनों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर देश की आजादी में उनके योगदान को याद किया। इस मौके पर वक्ताओं ने युवाओं से उनके बताये रास्ते पर चलने का आहवान किया।

इप्टा के तत्वाधान में शहीद भगत सिंह चौक पर शहीद ए आजम भगत सिंह की जयंती मनाई गई। इस मौके पर इप्टा की ममता राव ने जनगीतो की प्रस्तुति दी व शहीद भगत सिंह के समर्थन में नारेबाजी की।

इस मौके पर एटक के अध्यक्ष आरपी बडोनी ने कहा कि उनकी विचारधारा व सोच युवाओं को आगे बढाने की थी। उन्होंने कहा कि आज देश की जो स्थिति है वह चिंताजनक है क्योंकि लोग सांप्रदायिकता की ओर बढ रहे है। उन्होंने युवाओं व देश के बुंद्धिजीवियों का आहवान किया कि वे भगत सिंह के जीवन से सीख लेकर आगे बढे। देश की आजादी में उन्होंने जो योगदान दिया है, उसकी बदौलत देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि शहीद ए आजम की विचारधारा को आगे बढाना चाहिए ताकि देश में सामाजिक समरसता पैदा हो सके।

इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि भगत सिंह के 116वीं जयंती पर उन्हें याद किया गया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में उनका योगदान व उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जायेगा व उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने छोटी उम्र में आजादी के आंदोलन में कूद कर अग्रेजों की सरकार के जुल्म सहे व हंसते हंसते फांसी का फंदा चूमा। उन्होंने कहा कि वह देश में गरीब वर्ग को समानता देने के लिए प्रयासरत रहे व इसके लिए कार्य किया।

इस मौके पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, मजदूर संघ के मंत्री देवी गोदियाल,  शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता आदि ने भी देश की आजादी में भगत सिंह की योगदान को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए व आहवान किया कि उनके विचारों को जनमानस में फैलाने की जरूरत है।

इस मौके पर पालिका सभासद जसोदा शर्मा, दर्शन रावत, पूर्व सभासद केदार सिंह चौहान, सुशील अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, महिमानंद, भवन निर्माण मजदूर संघ के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, सलीम अहमद, रामपाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। 

About Author

Please share us

Today’s Breaking