July 27, 2024

लोक गायिका रेशमा शाह को बिस्मिल्लाह खां पुरस्कार मिलने पर किया सम्मानित

मसूरी। पूर्व भाजपा मसूरी मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा पडियार के नेतृत्व में मातृशक्ति ने बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित होने पर लोक गायिका रेशमा शाह को बधाई दी एवम शाल और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।

कुलड़ी स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित समारोह में रेशमा शाह को सम्मानित करने के बाद भाजपा मसूरी महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष पुष्पा पडियार ने कहा कि रेशमा शाह ने लोक कला के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। इसके लिए उन्हें बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड का देश में सम्मान बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि रेशमा शाह को जो सम्मान मिला है, वह हमारे लिए गौरवमयी है। उन्होंने उत्तराखंड की लोक संस्कृति के लिए सराहनीय कार्य किया है। यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने देश विदेश में उत्तराखंड की लोक संस्कृति को आगे बढाया है। उनसे अपेक्षा है कि वह अपने इन अनुभवों का लाभ आने वाली पीढ़ी को दें, ताकि वह भी अपनी लोक संस्कृति को आगे बढाने के लिए कार्य कर सकें।

इस मौके पर उत्तराखंडी फिल्म निर्देशक एवम संस्कृतकर्मी प्रदीप भंडारी ने कहा कि बिस्मिल्लाह खां युवा राष्ट्रीय पुुरस्कार पहली बार उत्तराखंड की लोक गायिका रेशमा को मिला है, जो अपने आप में गर्व की बात है। इसके लिए वह बधाई की पात्र है।

इस मौके पर लोक गायिका रेशमा शाह ने कहा कि भारत सरकार द्वारा दिया गया यह सम्मान पूरे उत्तराखंड का सम्मान है। यह पहाड़ की बेटी का सम्मान है। उन्होंने कहा कि जीवन में बहुत संघर्ष किया और आज उसी की बदौलत यहां तक पहुंची। उन्होंने कहा कि कभी की मेहनत व संघर्ष बेकार नहीं जाता। रेशमा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में जाने के लिए कडी मेहनत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर लोक कला के क्षेत्र में जाना है तो अपने परिवेश को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने बताया कि वह आगे पहाडी लोक संस्कृति की रीढ़ मांगलगीत, बाजूबंद, खुदेड़ गीत, देवी देवताओं के गीत पर कार्य करेंगी।

इस मौके पर चंद्रकला सयाना, अनीता पुंडीर, पुष्पा पुंडीर, प्रमिला नेगी, कमलेश भंडारी, राजेश्वरी नेगी, सीता पंवार, रीता खुल्लर, राजेश्वरी भटट, विनिता, यमुना लेखवार, मंजू चौहान, व विजय बिंदवाल मौजूद रहे।

About Author

Please share us

Today’s Breaking