February 16, 2025

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने माना मसूरी कांग्रेस में है गुटबाजी, कहा- इसी के ऑपरेशन के लिए आये है मसूरी

congress_mussoorie

मसूरी। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष करण सिंह माहरा के मसूरी आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। हालाँकि उनकी मौजूदगी में भी मसूरी कांग्रेस की गुटबाजी उस वक्त सामने आ गयी जब एक गुट ने गांधी चौक पर उनका स्वागत किया तो दूसरे गुट ने शहीद भगत सिंह चौक पर। इस दौरान दोनों गुटों ने एक दूसरे पर आरोप भी लगाये। जिस पर माहरा ने कहा कि गुटबाजी जरूर है और वे इसी के ऑपरेशन के लिए मसूरी आये हैं।

देश में अघोषित आपातकाल, संविधान की रक्षा का संकल्प लें कांग्रेस कार्यकर्ता 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा अंबेडकर की पुण्य तिथि पर कहा कि देश में आज जिस तरीके से अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रहार हो रहा है वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि लेखकों, पत्रकारों को जेल में डाला जा रहा है,ऐसे में चौथा स्तंभ भी खतरे में है। ऐसा लग रहा है कि देश में अघोषित आपातकाल लगा दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए आज संविधान की रक्षा का संकल्प ले।

भारत जोड़ो यात्रा से देश में कांग्रेस हो रही मजबूत

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देश में कांग्रेस मजबूत हो रही है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था के बारे में कहा कि जब प्रदेश का डीजीपी किसी मामले में संलिप्त हो ऐसे में किस पर भरोसा किया जाय। उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए डीजीपी को दोषी मानते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है। हर रोज हत्यायें हो रही हैं वहीं महिलाओं के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं, आतंकवादियों को उत्तर प्रदेश की पुलिस पकड़ रही है। जो कानून व्यवस्था सुधारने की बात कर रहे हैं जो अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की बात कर रहे हैं उन पर डीजीपी कड़ी कार्रवाई की बात कर रहे हैं। यह गांधी की भूमि है पुलिस आंदोलन दबाने का प्रयास करेगी, तो कांग्रेस उनके साथ खड़े होगी। जब डीजीपी कुछ नहीं कर पा रहे हैं तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए।

भाजपा सरकार शहीद सैनिकों का कर रही अपमान

सैन्यधाम का नाटक करने वाली भाजपा की सरकार शहीद सैनिकों का अपमान करने में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में गुटबाजी है प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत व तीरथ सिंह रावत खुद प्रदेश सरकार पर आरोप लगा रहे हैं।

जनता का ध्यान बांटने के लिए कभी धर्म की बात करती है भाजपा सरकार 

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस प्रदेश में कैडर बेस पार्टी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश व केंद्र सरकार जनता के असल मुद्दों शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कानून व्यवस्था की बात नही करती, बल्कि वह जनता का ध्यान बांटने के लिए कभी धर्म की बात करती है, कभी हिंदू मुस्लिम करती है, लेकिन आने वाले समय में लोग इसको समझेंगे व कांग्रेस को मजबूत करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस में नही गुटबाजी 

प्रदेश में कांग्रेस की गुटबाजी पर कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है लेकिन सभी अपने स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने का कार्यक्रम कर रहे हैं। वहीं करण माहरा ने मसूरी कांग्रेस की फूट पर कहा कि मसूरी कांग्रेस में गुटबाजी जरूर है और वे स्वय इसका आपरेशन करने आए हैं।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, जसविंदर सिंह गोगी, विजय सास्वत, मनीष नागपाल, मेघ सिंह कंडारी, अमित गुप्ता, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, गौरव गुप्ता, महेश चंद, जयपाल राणा, भगवती प्रसाद कुकरेती, रमेश भंडारी, वीरेंद्र कैंतुरा, भरोसी रावत, प्रताप पंवार, राजीव अग्रवाल, अरविंद सोनकर, वसीम खान, सोनिका सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About Author

Please share us

Today’s Breaking