मसूरी में पूर्व सैनिक की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

मसूरी, उत्तराखंड। मसूरी के कंपनी गार्डन क्षेत्र में शनिवार को एक पूर्व सैनिक की मौत का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलने के बाद मसूरी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 08 अगस्त 2026 को भारत सिंह रावत ने कोतवाली मसूरी को सूचना दी कि उनके साले नवांग त्सेरिंग, उम्र 41 वर्ष, निवासी कंपनी गार्डन, मसूरी, अपने किराए के मकान के बाहर गंभीर हालत में मिले हैं।
सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी और चीता मोबाइल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों की सहायता से उन्हें नीचे उतारकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नवांग त्सेरिंग कंपनी गार्डन क्षेत्र में एक मकान में किराए पर रह रहे थे। बताया गया है कि वह करीब तीन वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक नशे का आदी था और इससे पहले भी उसके द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट को जांच के लिए बुलाया। मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। शव को सिविल अस्पताल मसूरी भेजा गया है, जहां पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
