उत्तराखंड: पेपर लीक के बाद टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने दो सेमेस्टर परीक्षाएं रद्द कीं, बाहरी पेपर सेटर के साथ सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

देहरादून: उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) ने प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत सामने आने के बाद बड़ा फैसला लेते हुए दो सेमेस्टर की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। मामले की प्रारंभिक जांच में प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्र तैयार करने की जिम्मेदारी संभाल रहे एक बाहरी पेपर सेटर ने गोपनीयता का उल्लंघन करते हुए प्रश्नपत्र लीक किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
ताज़ा जानकारी के अनुसार इस मामले में सहायक प्रोफेसर (Assistant Professor) की भी गिरफ्तारी हुई है। जांच में आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र/प्रश्नों को व्हाट्सएप के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
वहीं विश्वविद्यालय ने आरोपी प्रोफेसर को 7 वर्षों के लिए परीक्षा संबंधी सभी कार्यों से प्रतिबंधित कर दिया है।
जिस कॉलेज में वह कार्यरत थे, वहां से उनकी सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि प्रश्नपत्र किन-किन लोगों तक पहुंचा और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों सेमेस्टर की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। प्रभावित परीक्षाओं की नई तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रश्नपत्र तैयार करने और वितरण की प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा।
इस घटना के बाद प्रदेश में परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। छात्र संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो।
