September 7, 2024

सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी सीएम

शिमला। हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे,जबकि मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम की जिम्मदारी मिली है। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह 11 बजे होगा। कल शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाने का निर्णय लिया गया। बता दें कि राज्य में पहली  बार डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। इसके साथ ही, भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रतिभा सिंह और मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्यपाल से मुलाकात की।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, ‘मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है।’ उन्होंने कहा, ‘डिप्टी सीएम के रूप में चुने गए मुकेश अग्निहोत्री और मैं एक टीम के रूप में काम करेंगे। मैंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में की थी। कांग्रेस पार्टी ने मेरे लिए जो किया है उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।

भूपेश बघेल ने बताया कि हाईकमान ने आज सुखविंदर सिंह सुक्खू को कांग्रेस विधायक दल के नेता यानी मुख्यमंत्री के रूप में चयन किया है और उपमुख्यमंत्री के रूप में मुकेश अग्निहोत्री को चुना है। कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि सर्वसम्मति से सारे विधायकों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना है। कल उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री के रूप में मुकेश अग्निहोत्री को चुना गया है। ये आलाकमान का निर्णय है।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि हम कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिए गए निर्णय को स्वीकार करते हैं। कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कल सुखविंदर सिंह सुक्खू शपथ लेंगे और सूचारू रूप से सरकार चलाएंगे। कल शपथ समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे आएंगे। सभी विधायकों को भी निमंत्रित किया गया है।

About Author

Please share us