पालिका की डगलस डेल स्थित भूमि पर हो रहा अवैध कब्जा, पालिकाध्यक्ष ने लिया जायजा, FIR दर्ज

मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी की भूमि पर अवैध कब्जो के मामले थमते नही दिख रहे हैं। ताजा मामला नगर पालिका परिषद की डगलस डेल स्थित भूमि का है। जहाँ किसी व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर संरक्षित प्रजाति के पेड़ों का पाटन कर प्लाटिंग करने का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी मिलने पर पालिका प्रशासन ने तत्काल हरकत में आकर संभावित व्यक्ति अमरदेव खंडूरी व अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
मसूरी पालिका की भूमि पर अवैध कब्जो के मामले थमते नही दिख रहे हैं। दरअसल डगलेस डेल स्थित लगभग 1. 80 एकड़ (1942 के मानचित्र के अनुसार) पालिका की भूमि है और यह खेवट ’65’ के अन्तरगत है। मिली जानकारी के मुताबिक कुछ राजनैतिक व्यक्तियों के संरक्षण के चलते अमर देव खंडूरी पुत्र दलीप सिंह खंडूरी द्वारा अवैध कब्ज़ा कर संरक्षित प्रजाति के पेड़ों का पातन किया गया है, ताकि वहां प्लाटिंग की जा सके। हालाँकि सूचना मिलते ही पालिका प्रशासन हरकत में आया और अधिशासी अधिकारी राजेश नैथानी द्वारा अमरदेव खंडूरी व अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गयी है। ताकि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हो सके व पालिका की संपत्ति पर से अवैध कब्जा हटाया जा सके।
वहीं सूचना मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता मौके पर अधिकारियों को लेकर पहुंचे व पालिका भूमि का निरीक्षण किया। मौके पर पाया गया है कि पालिका की भूमि पर अवैध कब्जा कर वहा संरक्षित प्रजाति के पेड़ों का पातन कर प्लाट बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके बाद पालिका अध्यक्ष ने कमिश्नर को पत्र भेजकर इसकी एसआईटी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके रहते पालिका की जमीनों को खुर्द बुर्द नही होने दिया जाएगा। इसमें जो भी दोषी है उनके खिलाफ कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि कई मामले न्यायालय में भी लम्बित है, उनकी भी एसआईटी जांच होनी चाहिए।
बड़ी बात यह भी है कि यह सब वन प्रभाग मसूरी के नाक के नीचे हो रहा है। इस मार्ग पर कुछ दूरी पर ही वन विभाग मसूरी का कार्यालय है, और इसी मार्ग से वन कर्मियों की आवाजाही रहती है, लेकिन यहाँ खुलेआम सरकारी भूमि पर पेड़ों का पातन किया जाना वन महकमे पर भी सवाल खड़े करता है।